न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मंगलवार को कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को लेकर पुलिस बल के साथ शहर में पैदल मार्च किया। एसपी ने आम जनमानस को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और कोरोना कर्फ्यू के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
पैदल मार्च के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, पीआरओ पुलिस अधीक्षक हाथरस और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने शहर क्षेत्र के सासनी गेट चौराहा, कमला बाजार, पंजाबी मार्केट आदि क्षेत्रों में पैदल मार्च कर भ्रमण किया।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा आने-जाने वाले लोगों को चेक किया और बेवजह घर से बाहर घूमने वाले लोगों से अपील की गई कि वह घरों में ही रहें। बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ न लगाएं। आपस में एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाकर रखें। समय-समय पर हाथों को साबुन अथवा सैनिटाइजर से साफ करते रहें। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क या फेस कवर अनिवार्य रूप से पहनकर रखें।