हाथरस : पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समीक्षा बैठक लेते एसपी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
एसपी ने शासन स्तर से प्राप्त प्रार्थना पत्र व जनपद स्तर पर लंबित प्रार्थना पत्रों तथा आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित प्रार्थना पत्रों को शीघ्रतापूर्वक निस्तारण करने के निर्देश प्रभारी लोक शिकायत प्रकोष्ठ, प्रभारी आईजीआरएस व थाना प्रभारियों को दिए। डायल 112 के संबंध मे गाड़ियों के रूट चार्ट के निर्धारण पर समस्त थाना प्रभारियों से चर्चा की गई। पूर्व में पंजीकृत गैंग, डोजियर अपडेट करने, आपराधिक गतिविधियों के ग्राफ की समीक्षा की। आगामी पंचायत चुनाव के संबंध में तैयारी करने के लिए भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में गुंडा/गैगस्टर एवं शांति भंग के संबंध में निरोधात्मक कार्रवाई करने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर लें। व्यापारियों और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ नियमित गोष्ठी की जाए। उन्होंने जिले में साइबर अपराधों से बचाव के लिए बुधवार से सात दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर कवच’ चलाने के संबंध में सभी को विस्तृत जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी नगर रुचि गुप्ता, क्षेत्राधिकारी यातायात शैलेंद्र कुमार वाजपेयी, क्षेत्राधिकारी सादाबाद ब्रह्म सिंह, क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक व अन्य थाना प्रभारी मौजूद थे।