न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव के दौरान अस्थायी रूप से शुरू किए गए जनसंवाद सेल को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बृहस्पतिवार को स्थायी रूप दे दिया। जिले में आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर फीडबैक प्राप्त करने व महत्वपूर्ण सूचना एकत्रित करने के लिए एसपी ने जनसंवाद सेल की शुरुआत की है।
पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को स्थायी ‘जनसंवाद सेल’ का शुभारंभ फीता काटकर किया। सेल में छह योग्य व इच्छुक पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है। जनसंवाद सेल में नियुक्त पुलिसकर्मियों के पास जिले के सभी थाना क्षेत्र के ग्राम, मोहल्लों के नवनिर्वाचित प्रधान, पूर्व प्रधान, धर्मगुरुओं, व्यापारियों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, पेट्रोल पंप संचालक, स्कूल-कॉलेज के प्रधानाचार्य, बैंक कर्मी, ग्राम और मोहल्लों के अन्य संभ्रांत नागरिकों के मोबाइल नंबरों का डेटाबेस है। इन नंबरों पर ‘जनसंवाद सेल’ में नियुक्त कर्मचारियों द्वारा फोन करके नाम पता पूछकर लोगों से उनके क्षेत्र की कुशलता पूछी जाती है।
पंचायत चुनाव में शुरू कराया गया था सेल
हाथरस। जिले में पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए प्रयोग के रूप में ‘चुनाव जनसंवाद सेल’ का गठन किया गया था। इसके माध्यम से पूर्व ग्राम प्रधान, समस्त प्रधान प्रत्याशियों एवं ग्राम के अन्य संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर सूचना संकलन का कार्य किया जाना था और लोगों से इसके बारे में फीडबैक लिया जाना था। इसके माध्यम से ही जिले में सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराया जा सका था। इसी प्रकार अवैध शराब के उत्पादन, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ में भी सेल का अहम योगदान रहा। इसके माध्यम से गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री और उत्पादन की सूचना एकत्रित कर अवैध शराब का उत्पादन व बिक्री करने वाले अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई और बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी हुई। संवाद
रजिस्टर में दर्ज होगा पूरा ब्योरा
‘जनसंवाद सेल’ द्वारा लोगों से बात करके ली गई जानकारी को एक रजिस्टर में निर्धारित प्रारूप में दर्ज किया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम-पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। इसका प्रतिदिन अवलोकन स्वयं पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा और लोगों से प्राप्त जानकारी के आधार पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद