न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
ग्राम पंचायत कजरौठी के मजरा पल्हावत में बुधवार की रात को एक ही परिवार के छह लोग भिंडी की सब्जी खाने और चाय पीने के बाद फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। इससे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गए। सुबह काफी देर तक जब यह लोग नहीं जागे तो मौके पर खलबली मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान और पुलिस प्रशासन के अधिकारी और स्वास्थ्य महकमे की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित लोगों से होश में आने के बाद पूछताछ की गई।
गांव पल्हावत में बच्चू सिंह का परिवार रहता है। परिवार में बच्चू सिंह पुत्र हरी सिंह, बच्चू की पत्नी तूरमेनी देवी, प्रेमपाल, मुंद्रा देवी, उमा, भावना और नमन ने रोटी के साथ बुधवार की रात को खाने में भिंडी की सब्जी खाई थी। खाना खाने के बाद चाय भी पी थी। बताते हैं कि सुबह होने पर जब यह काफी देर तक नहीं उठे तो परिवार के अन्य सदस्यों को चिंता हुई।
परिवार के सदस्यों ने इन लोगों को उठाना चाहा तो उक्त सभी बेहोशी की हालत में थे, होश में लाने पर इनके कदम लड़खड़ाने लगे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इस दौरान वहां आसपास के लोग भी आ गए। सूचना पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के पास भी पहुंच गई। लिहाजा मौके पर ग्राम प्रधान महाराज सिंह, एसआई रामपाल सिंह और स्वास्थ्य महकमे के चिकित्सक डॉ. प्रेमपाल भी पहुंच गए। चिकित्सकीय टीम ने सभी का उपचार किया, जिसके बाद वह होश में आ सके।
इसके बाद मौके पर नायब तहसीलदार राकेशचंद्रा, लेखपाल नरेंद्र देव, महावीर प्रसाद ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों से पूछताछ की। नायब तहसीलदार ने बताया कि अब सभी स्वस्थ्य हैं। किसी को अब कोई परेशानी नहीं है।