न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे सैनिटाइजेशन और सफाई के कार्य का उपनिदेशक (डीडी) पंचायतराज एसके सिंह और जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) बनवारी सिंह ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक हसायन व सहपऊ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान गैरहाजिर मिले छह पंचायत सचिवों को वेतन रहित किए जाने के निर्देश दिए। एक सफाईकर्मी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वेतन रहित किए जाने की कार्रवाई की गई।
शासन स्तर से कोरोना महामारी को लेकर ग्राम पंचायतों में सफाई कार्य कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस क्रम में टीमें गठित कर ग्राम पंचायतों में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। इसकी निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस क्रम में डीडी पंचायतराज एसके सिंह ने शनिवार को ब्लॉक सहपऊ की ग्राम पंचायत सलेमपुर, नगला बिहारी और नगला मौजी का निरीक्षण किया।
उन्होंने निगरानी समिति से वार्ता की और ग्रामीणों से सैनिटाइजेशन के बारे में जानकारी ली। गांव रामपुर में सचिव गिरीश अग्रवाल, नगला बिहारी सचिव रामेंद्र सिंह गैरहाजिर मिले। हसायन में ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक यादव, नागेंद्र सिंह व दो अन्य ग्राम विकास अधिकारी भी गैरहाजिर मिले। डीपीआरओ ने सभी गैरहाजिर सचिवों को वेतन रहित करने के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नगला मौजी में तैनात सफाईकर्मी उर्वशी को गैरहाजिर मिलने पर वेतन रहित करने की कार्रवाई की गई है।