संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में ठूलई चौराहे पर एक युवक की बोलेरो लोडर गाड़ी की चपेट में आकर संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी को चालक सहित पकड़ लिया। परिजनों का आरोप है कि शराब पीकर यह हत्या की गई है। देर शाम तक परिजन इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने को थाने पर मौजूद थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला अडू निवासी विवेक पुत्र प्रदीप कुमार भुस का व्यापार करता था। वह गांव के ही अपने एक साथी के साथ शनिवार की सुबह भुस का व्यापार करने के लिए बोलेरो गाड़ी लेकर हाथरस आया था। शाम चार बजे के करीब हाथरस जंक्शन क्षेत्र में ठूलई चौराहे पर जहांगीरपुर को जाने वाली सड़क पर उसकी गाड़ी की चपेट में आकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वहां भीड़ लग गई।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिजन भी वहां आ गए। परिजनों का आरोप था कि प्रदीप की उसके ही साथ व्यापार करने वाले गांव के ही युवक ने अपने भाई के साथ मिलकर हत्या की है। उनका कहना था कि लेनदेन के हिसाब के चलते पैसे के लिए यह हत्या की गई है।
परिजनों का आरोप था कि इन लोगों ने पहले विवेक को शराब पिलाई और फिर डंडा मारकर उसे बेहोश कर सड़क पर लिटा दिया। तदुपरांत उस पर गाड़ी चढ़ाकर इसे दुर्घटना का रूप दे दिया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल का कहना था कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।