हाथरस : पंचायत चुनाव के बाद कोतवाली पर तोड़फोड़ करने वाले पुलिस की गिरफ्त में। संवाद
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
कोतवाली पर हुई तोड़फोड़ एवं पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के छह और आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि 15 अप्रैल की शाम को पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद क्षेत्र के गांव थरौरा के ग्रामीणों ने फर्जी वोटिंग करने के एक आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत की झूठी अफवाह फैलने पर कोतवाली पर पहुंचकर तोड़फोड़ करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की थी। इसमें पुलिसकर्मियों के साथ एक मीडियाकर्मी भी घायल हुआ था।
कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि उक्त प्रकरण में तत्कालीन कोतवाल ने पहले 34 लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया था। बाद में अन्य नाम प्रकाश में आने पर 46 और लोगों के नामजद कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया था। इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियों हो चुकी है। बुधवार को गांव निवासी बच्चू सिंह, भूरी सिंह उर्फ मंटोली, नत्थू सिंह, अमन कुमार, सत्यपाल एवं रवेंद्र कुमार निवासी वृंदावन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रवेंद्र कुमार पंचायत चुनाव में खड़ी प्रधान प्रत्याशी का भांजा है। कोतवाली पर तोड़फोड़ करने वालों में वह भी शामिल था। कोतवाल ने कहा कि अन्य नामजदों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद