न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जोगीपुरा दरियापुर में हुई सात वर्ष की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस छह दिन बाद भी खाली हाथ है। हालांकि इस मामले की जांच एसपी द्वारा एएसपी के निर्देशन में गठित एसआईटी कर रही है, फिर भी इस मामले का अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
जंक्शन क्षेत्र के गांव दरियापुर के माजरा जोगीपुरा निवासी रामकिशन की बेटी हिना की हत्या कर दी गई थी। उसका शव 24 जुलाई की शाम को गांव के ही निकट बाजरा के खेत में मिला था। इस घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है। सभी के जेहन में सवाल है कि आखिर सात वर्ष की मासूम बच्ची की किसी से क्या दुश्मनी थी और उसकी हत्या किस वजह से की गई। कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों का पता नहीं लगा सकी है।
हालांकि इस मामले में बच्ची के पिता रामकिशन ने दरियापुर निवासी हरि सिंह, बबलू, रिंकू और बॉबी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी विक्रांत वीर ने इस मामले के खुलासे के लिए एएसपी प्रकाश कुमार के निर्देशन में एसआईटी का गठन किया। एसआईटी में कई थानों के इंस्पेक्टर शामिल हैं। इस घटना को हुए छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इस मामले में पुलिस कोई भी तथ्य नहीं जुटा सकी है। पुलिस अधिकारियों का हर बार यही कहना है कि जांच चल रही है। जल्द ही खुलासा होगा।
बच्ची की हत्या के मामले की एसआईटी जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ चल रही है। तथ्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
-विक्रांत वीर, पुलिस अधीक्षक हाथरस।