न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कस्बे की एक फर्नीचर की दुकान पर शुक्रवार को ऊषा सिलाई मशीन की दिल्ली से आई एक टीम ने छापा मारा। इस छापे के दौरान सात सिलाई मशीन बरामद की गईं, जिन पर ऊषा ब्रांड का नकली लोगो लगाकर उन्हें बेचा जा रहा था। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। मौके से बरामद की गई मशीनों को टीम द्वारा जब्त कर लिया गया। इस मामले में देर रात तक रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, ऊषा इंटरनेशल प्रा लि कंपनी से आए मैनेजर सुनील कुमार, सहायक मैनेजर ओमप्रकाश, फील्ड ऑफिसर दिलीप कुमार ने कस्बे में स्थित एक फर्नीचर की दुकान पर अचानक छापा मारा। यह टीम मेल के जरिये की गई एक शिकायत की जांच करने के लिए पहुंची थी।
शिकायत थी कि सादाबाद स्थित एक दुकान पर ऊषा कंपनी का नकली लोगो लगाकर सिलाई मशीन बेची जा रही हैं। टीम ने जब दुकान पर पहुंचकर शिकायत की जांच की तो मौके पर सात सिलाई मशीन बरामद की गईं, जिन पर ऊषा कंपनी का नकली लोगो लगा हुआ था। टीम ने इन मशीनों को जब्त कर लिया। मौके पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। फिलहाल, इस मामले में देर रात रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की तैयारी चल रही थी। संवाद