न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल के 17 स्वास्थ्य कर्मियों के नमूने कोरोना जांच के लिए अलीगढ़ भेजे गए हैं। ये सभी कोरोना संक्रमित मृतक सराफ के संपर्क में आए थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की जांच एहतियात के तौर पर कराई गई है।
पिछले दिनों शहर की सीकनापाल गली निवासी सराफ की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद कोरोना जांच के लिए नमूना भेजा गया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसके बाद सीकनापान गली के आसपास के एरिया को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया है।
इधर, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सराफा कारोबारी के संपर्क में आए सभी स्वास्थ्य कर्मी चिंता में आ गए थे। ऐसे सभी स्वास्थ्य कर्मियों के नमूने जांच के लिए अलीगढ़ भेजे गए हैं। इनमें छह स्टाफ नर्स, एक नर्स के पति, तीन वार्ड बॉय, पांच सफाई कर्मी सहित 17 कर्मचारी शामिल हैं।
यूं तो कोरोना पॉजिटिव के इलाज के दौरान पूरी सावधानी बरती गई थी, फिर भी उसके संपर्क में आए सभी 17 स्वास्थ्य कर्मियों की कोरोना की जांच कराई जा रही है। इनके नमूने जांच के लिए अलीगढ़ भेजे गए हैं, ताकि उनके मन का भ्रम दूर हो सके।
-डॉ. आईवी सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल।