न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उपजिलाधिकारी सासनी ने बेसिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों को निलंबित किए जाने की संस्तुति बीएसए से की है। इन शिक्षकों पर बीएलओ के कार्य में रुचि न लेने का आरोप है। इन सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम ने बीएसए को पत्र लिखा है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय रुहेरी की शिक्षिका बुलबुल वार्ष्णेय, संविलियन विद्यालय अमोखरी की शिक्षिका शारदा, प्राथमिक विद्यालय रामनगर की शिक्षिका शारदा और प्राथमिक विद्यालय नगला घना के शिक्षक सूर्य प्रताप सिंह की बीएलओ कार्य में ड्यूटी लगी है।
एसडीएम सासनी ने बीएसए को पत्र लिखकर कहा है कि इन चारों द्वारा तीन अगस्त तक कोई भी कार्य नहीं किया है। अति महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम के प्रति लापरवाही, उदासीनता, हठधर्मी अपनाते हुए और व्यक्तिगत दूरभाष पर निर्देशित करने के उपरांत भी कार्य नहीं किया गया। इन सभी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की संस्तुति एसडीएम सासनी ने की है। संवाद