न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार की शाम को एसडीएम राजेश कुमार ने सादाबाद क्षेत्र के कई कॉलेजों का भौतिक व स्थलीय निरीक्षण किया। यहां उन्होंने परीक्षार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं व परीक्षा सुचिता पूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी।
एसडीएम ने विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकॉर्डर, कंप्यूटर, शौचालय, पानी, बिजली, जनरेटर आदि सुविधाएं देखीं और शासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के लिए निर्धारित मानकों की भी जांच की।
एसडीएम ने राया रोड स्थित आरबीएस इंटर कॉलेज सादाबाद, परशुराम इंटर कॉलेज मढ़नई, घनश्याम चारग इंटर कॉलेज एदलपुर, रामदेव इंटर कॉलेज एदलपुर, एमवीडी कॉलेज ऊंचागांव, धीरी सिंह विद्युत देवी उमा विद्यालय कजरौठी, नालंदा इंटर कॉलेज वासदत्ता, केएल गौतम इंटर कॉलेज वासदत्ता, श्रीमती इंदिरा स्मारक इंटर कॉलेज लाल गढ़ी, रीना देवी उमा विद्यालय दत्त गढ़ी और एसएडी इंटर कॉलेज वासपोहपी में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। मौके पर लेखपाल नरेंद्र देव भी मौजूद रहे।