हाथरस : ब्लॉक कार्यालय के परिसर में कहासुनी होने के बाद कोतवाली के बाहर हंगामा करते लोग।
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
रविवार को विकास खंड कार्यालय परिसर में नामांकन कराने ओ दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त तहसीलदार टीपी सिंह, आरओ अजीत कुमार सिंह खंड विकास अधिकारी इंद्रसेन नाथ व एडीओ पंचायत उदय प्रताप सिंह अपने कक्ष में बैठे हुए थे। हंगामे की सूचना केशोपुर पुलिस चौकी हाथरस जंक्शन पर तैनात उपनिरीक्षक रामजीलाल ने तहसीलदार टीपी सिंह व थानाध्यक्ष मृदुल कुमार सिंह को दी गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक प्रत्याशी के समर्थक को बीडीओ कक्ष व दूसरे समर्थक को कोतवाली भेज दिया। इसकी जानकारी सीओ सुरेंद्र सिंह को भी दी गई। पुलिस ने अधिकारियों के आदेश पर धारा 107/116 के तहत दोनों पक्षों के 10-10 लोगों को पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि से पाबंद कर दिया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों के प्रत्याशियों के प्रतिनिधि व समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों के दस दस समर्थकों को पांच पांच लाख रुपये से पाबंद कर भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
इस संबंध में धर्मपाल सिंह उर्फ पीलू भैया ने कहा कि नाई समाज के कानऊ के एक प्रत्याशी पर सुमंत किशोर सिंह नामांकन करने के लिए अनावश्यक दबाव बना रहे थे। आज उन्होंने नामांकन करने वाले नाई समाज के व्यक्ति के साथ कहासुनी कर विवाद उत्पन्न कर दिया है। जबकि निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमंत किशोर सिंह ने बताया कि मैंने किसी के साथ कोई गलत बात तक नहीं की है। मेरी लोकप्रियता से बौखलाकर लोग बेवजह मामले को तूल देने में लगे हुए हैं।