हाथरस सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार के न्यायालय में सत्संग हादसे का मामला विचाराधीन है। इस मामले में आरोपों पर बहस चल रही है। न्यायालय में अब इस मामले में 25 फरवरी को सुनवाई होगी।
न्यायालय में पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों के विरुद्ध 3200 पेज का आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 676 गवाह बनाए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी देवप्रकाश मुधकर, मेघ सिंह, मुकेश कुमार, मंजू देवी, मंजू यादव, राम लड़ेते, उपेंद्र सिंह, संजू कुमार, रामप्रकाश शाक्य, दुर्वेश कुमार, दलवीर सिंह को आरोपपत्र में आरोपी बनाया है। आठ आरोपियों की जमानत हो चुकी है, जबकि तीन आरोपियों देव प्रकाश मधुकर, मेघ सिंह व मुकेश की जमानत याचिका उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
जो होना था वो हो गया, हमारा तो परिवार बिगड़ गया
न्यायिक आयोग के फैसले के बाद पीड़ित परिवारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। गांव सोखना निवासी विनोद कुमार की मां जयमंती देवी, पत्नी राजकुमारी और बेटी भूमि की जान इस हादसे में गई थी। विनोद कुमार का कहना है कि जो हादसा होना था, वो हो गया। हमारा तो परिवार बिगड़ गया। न्यायिक आयोग की जांच पर हम क्या कहें।