कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए क्वारंटीन किए गए व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण आदि के संबंध में डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने समस्त एमओआईसी को निर्देश दिए कि जो व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव से निगेटिव हो गए हैं, उनको तत्काल डिस्चार्ज किया जाए।
बैठक में डीएम ने कहा कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सर्वे के दौरान की जा रही स्क्रीनिंग के दौरान जुकाम, खांसी, बुखार एवं अन्य बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों का तत्काल नमूना लेकर जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि स्क्रीनिंग के दौरान सैंपलिंग ठीक ढंग से की गई तो संक्रमण से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए परिवार के व्यक्तियों की सैंपलिंग कर जांच कराई जाए। जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई है, उसके परिजनों की तत्काल सैंपलिंग कराई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक रिपोर्ट नही आ जाती है, तब तक उनको होम क्वारंटीन करने के साथ ही लगातार मॉनीटरिंग भी की जाए। उन्होंने सभी एमओआईसी से कहा कि वह हॉटस्पाट एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों की सैंपलिंग लेते हुए जांच कराना सुनिश्चित करें। सभी डाक्टर यह सुनिश्चित करें कि यदि किसी पीड़ित व्यक्ति को दूसरे जनपद के लिए रेफर कर रहे हैं तो वहा के अस्पताल का नाम एवं पूरा पता अवश्य दर्ज करें।