हाथरस: अलीगढ़ रोड की एक दुकान पर यूरिया खाद लेने के लिए लगी लाइन।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में यूरिया की किल्लत को लेकर विभाग की ओर से निगरानी तेज कर दी गई है। एक आधार कार्ड पर 100-100 बोरे से अधिक यूरिया देने के मामले में जिले के 12 उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला कृषि अधिकारी ने पांच उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जबकि सात को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिले में एकाएक यूरिया की किल्लत तेजी से पैदा हुई है। अफसरों ने टीम बनाकर सत्यापन शुरू करा दिया है। विभाग की ओर से ई पॉस मशीन की मॉनीटरिंग तेज कर दी। ई पॉस मशीन की मॉनीटरिंग शुरू होने के साथ ही यह भी सामने आया कि जिले के उर्वरक विक्रेताओं ने एक-एक आधार कार्ड पर 100 से अधिक बोरों की बिक्री की है। विभाग की ओर से इन उर्वरक विक्रेताओं के सत्यापन के लिए टीमें गठित की गई हैं।
सत्यापन में टीमों ने पाया कि एक-एक आधार कार्ड पर 100 से अधिक यूरिया के बोरों की बिक्री की गई है। जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार ने जांच अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार मयंक खाद भंडार कचौरा, राधे ट्रेडर्स रतिभानपुर, कृषक भारती कृषक सेवा केंद्र सिकंदराराऊ, अग्रवाल फर्टिलाइजर्स सासनी, पवन खाद भंडार के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। सात उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा है कि जो भी उर्वरक विक्रेता निर्धारित मानक से अधिक यूरिया के बोरों की बिक्री करेगा, उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।