Hathras: Sabotage, robbery for preventing commotion
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
हंगामे से रोकने पर की तोडफोड़, लूट का आरोप
पोरा में 26 जनवरी को हुई घटना, धमकी देकर भागे आरोपी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ (हाथरस)। क्षेत्र के गांव पोरा में 26 जनवरी को हंगामा करने से रोकने से क्षुब्ध होकर तीन युवकों ने 27 जनवरी को बाइक पर आकर कॉलेज में तोड़फोड़ कर दी। इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसमें इन लोगों पर 1.75 लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया गया है। कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल मालिक सतेंद्र कुमार पुत्र अनार सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि गणतंत्र दिवस पर स्कूल में चल रहे कार्यक्रम में पास के गांव भुर्रका के कुछ युवक आ गए और कार्यक्रमों में व्यवधान पैदा करने लगे। उन्हें स्कूल से बाहर कर दिया गया। इससे कुपित होकर अगले दिन 27 जनवरी को गांव भुर्रका निवासी बंटू पुत्र लक्ष्मण सिंह, योगेश पुत्र रामजीलाल, जितेन्द्र पुत्र गंगाशरण बाइक पर आए और स्कूल में घुसकर उसके साथ मारपीट की।
ऑफिस में तोड़ फोड़ कर कार्यालय में रखे 1.75 लाख रुपये लूट ले गए। घटना के बाद यह लोग धमकी देकर भाग गये। कोतवाल प्रवेश राणा का कहना है कि तहरीर की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकल कर आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।