न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
शासन की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली आईजीआरएस पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए सादाबाद तहसील पूरे प्रदेश में अव्वल आई है। माह नवंबर में जारी की गई रैकिंग में सादाबाद तहसील को प्रथम रैंक मिली है। एसडीएम ने इसे अपने ट्विटर एकाउंट पर भी शेयर कर इसकी जानकारी दी है।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि सादाबाद तहसील शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने में पूरे प्रदेश में नवंबर माह में प्रथम है। शासन स्तर पर किए गए मूल्यांकन में सादाबाद तहसील की कार्यवाही 100 फीसदी रही है और रैंक प्रथम रहा है, वहीं अन्य कई तहसीलों की रैंक भी प्रथम रही है। उन्होंने बताया कि वह खुद आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग करते हैं।
उन्होंने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का हर हाल में 15 दिन के अंदर समाधान करना होता है। अधीनस्थों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि तहसीलदार, नायब तहसीलदार और तहसील की पूरी टीम की मेहनत से ही ऐसा हो पाना संभव हुआ है।