न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बीते महीने में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते वाहनों का संचालन सही ढंग से नहीं हो पाया। इस कारण वाहन स्वामियों ने एआरटीओ कार्यालय में रोड टैक्स जमा नहीं किया। जिले के साढ़े तीन हजार वाहन स्वामियों पर करीब 30 करोड़ रुपये का बकाया है। इसकी वसूली के लिए अब एआरटीओ कार्यालय से बकायेदारों उधारी लेने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। बकाया आने के साथ राजस्व का ग्राफ बढ़ सके।
उल्लेखनीय है कि कोरोना की दूसरी लहर में आमजन से लेकर सरकारी विभाग पर भी इसका असर आज भी देखने को मिल रहा है। जिले के बिजली, मंडी, एआरटीओ आदि कार्यालयों का राजस्व का ग्राफ गिर गया है। इसे लेकर अधिकारी खासे परेशान हैं। स्कूल वाहनों का साल में एक बार रोड टैक्स जमा होता है। अन्य वाहनों का टैक्स समय समय पर जमा होता है। अब कोरोना काल के चलते जिले के एआरटीओ कार्यालय को वाहन स्वामियों से रोड टैक्स हासिल नहीं हुआ। इस कारण साढ़े तीन हजार वाहनों पर करीब तीस करोड़ रुपये का बकाया हो गया है।
अब बकाया को हासिल करने के लिए संभागीय परिवहन कार्यालय से वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। यदि ये नियत समय में बकाया जमा नहीं करते है तो इनकी आरसी जारी की जाएगी। इससे वाहन स्वामियों की जेब पर दस प्रतिशत और बोझ बढ़ जाएगा।