न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस डिपो में डीजल चोरी के मामले में पड़ताल के लिए शनिवार को मुख्यालय से टीम को आना था। अचानक मुख्यालय की टीम का आगमन टल गया। टीम के आगमन को लेकर कर्मी सुबह से शाम तक सतर्क रहे। टीम के न आने के बाद कर्मियों व अफसरों ने राहत की सांस ली।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों हाथरस डिपो के गेट पर दो बोरों में 62 बोतल मिली थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डिपो के कर्मियों ने ही वायरल किया था। मामले का खुलासा होने के बाद परिवहन निगम के आला अफसर हरकत में आ गए। इस मामले में दो कर्मियों को निलंबित भी किया जा चुका है।
विभागीय अधिकारी व पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। शनिवार को हाथरस डिपो की कार्यशाला में मुख्यालय की टीम को आकर इस मामले की पड़ताल करनी थी, लेकिन अचानक टीम का आगमन टल गया। इससे अधिकारियों व कर्मियों ने राहत की सांस ली। डिपो में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।