न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस वर्ष कोरोना के चलते पैसिंजर ट्रेनें बंद होने का रोडवेज को पूरा फायदा मिल रहा है। यही वजह है कि इस वर्ष दीपोत्सव के मौके पर रोडवेज ने एक करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। रविवार को दिवाली प्रोत्साहन योजना खत्म होने के साथ कर्मियों को शेड्यूल के तहत अवकाश मिलना भी शुरू हो जाएंगे। अच्छा काम करने वालों की सूची तैयार हो रही है। इन्हें इनामी राशि देकर निगम के अफसरों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 83 बसें हैं। निगम के अफसरों ने आमदनी को बढ़ाने व यात्रियों को सुविधा देने के लिए 12 नवंबर से 22 नवंबर तक दिवाली प्रोत्साहन योजना लागू की थी। इस अवधि में चालक-परिचालक और कार्यशाला के कर्मियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
इस वर्ष डिपो ने दीपोत्सव पर पिछले वर्ष की अपेक्षा एक करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है, जो कि पिछले वर्ष से करीब 20 लाख रुपये ज्यादा है। माना जा रहा है कि हाथरस डिपो रीजन में टॉप भी कर सकता है। अच्छी आय से डिपो के अधिकारी काफी खुश हैं। नियत अवधि में किलोमीटर का लक्ष्य पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को ईनामी राशि भी दी जाएगी। हाथरस डिपो की एआरएम शशी रानी का कहना है कि इस वर्ष दीपोत्सव पर आमदनी पिछले वर्ष की अपेक्षा अच्छी रही है।