हाथरस : हाथरस जंक्शन में हुए दुर्घटना में घायलों का जिला अस्पताल में होता उपचार व लगी भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ रोड पर हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रामपुर के निकट रोडवेज बस व ईंटों से भरे ट्रेक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत हो गई। ट्रैक्ट्रर-ट्रॉली से भिड़ंत के बाद बस एक पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
राजस्थान के जयपुर डिपो की एक बस जयपुर से कासगंज के तीर्थ स्थल सोरों जा रही थी। जब यह बस हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव रामपुर के निकट पहुंची तो सामने से आ रहे ईंटों से लदे ट्रैक्टर की ट्रॉली असंतुलित हो गई। इसके परिणामस्वरूप रोडवेज बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद एक पेड़ से जा टकराई। इसमें रोडवेज बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए।
यात्रियों ने वहां चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। इन लोगों ने घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल लाए जाने वाले घायलों में सलीम, असलम, जाकिर, पुष्कर, पुरुषोत्तम, शिव सिंह, वकील आदि मुख्य रूप से शामिल हैं। वहां इन यात्रियों का उपचार किया गया। संवाद