संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पिछले रविवार को रोडवेज बस के चालक ने एक निजी पेट्रोल पंप कर्मचारी पर बस के टैंक से डीजल निकालने का आरोप लगाया था। इसे लेकर वहां हंगामा भी हुआ था। अब इस मामले में जांच करने की बात कहीं गई। अब इस मामले में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) मोहम्मद परवेज ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) हाथरस डिपो से रिपोर्ट मांगी है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो पहले इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से डीजल लेता था। आईओसी ने डीजल के दामों में इजाफा कर दिया। इस कारण मुख्यालय के आदेश पर निजी पंप से डीजल लेने की शुरुआत बीते महीनों हुई।
हाथरस डिपो में हर रोज करीब पांच हजार लीटर डीजल की खपत होती है। बीते रविवार को बस संख्या यूपी 81 एफ-2968 लखनऊ से लौटकर आई। बस पर तैनात चालक राजपाल बस में डीजल भरवाने के बाद पंप पर तैनात कर्मी को ड्यूटी पर्ची देने के लिए कमरें मे गया।
जब वह लौटकर आया तो उसने एक बर्तन में कुछ लीटर डीजल रखा देखा। चालक ने पंप कर्मी पर बस से डीजल निकालने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कार्यशाला के कर्मी भी पंप पर पहुंच गए। इस मामले में जांच शुरू हो गई। आरएम मोहम्मद परवेज का कहना है कि इस संदर्भ में एआरएम से रिपोर्ट मांगी है।