न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के कई इलाकों में रविवार की सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में कई घंटे बिजली बाधित रही। इस कारण लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। दोपहर में एक बजे बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
उल्लेखनीय है कि दो अगस्त से मेला श्रीदाऊजी महाराज की शुरुआत होने जा रही है। इसे लेकर बिजली विभाग तैयारियों में जुटा है। इसको ध्यान में रखते हुए रविवार को मेला क्षेत्र को जाने वाली 33 केवीए लाइन पर मरम्मत काम किया गया। इस कारण जिला न्यायालय, नगला बेलनशाह, किला गेट, सीयल खेड़ा, गोशाला, कृष्णा नगर, ढकपुरा, नगला चौबे, महादेव कॉलोनी, कांशीराम टाउनशिप, नयाबांस, कच्चा पेच, तरफरा रोड, चामड़ गेट आदि इलाकों में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिना बिजली के लोगों के घरों में लगे विधुत उपकरण शोपीस बने रहे। लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। बिना बिजली के रविवार की छुट्टी का मजा भी किरकिरा हो गया। दोपहर को बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अभिषेक सिंह का कहना है कि मेले को ध्यान में रखते हुए 33 केवीए की लाइन की मरम्मत का काम किया गया। इस कारण कुछ समय आपूर्ति प्रभावित रही है। संवाद
बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल हो रही है। बिना बिजली के कामकाज नहीं हो पा रहा है। विभाग को आपूर्ति पर ध्यान देना चाहिए।
-मनोज वार्ष्णेय
कभी बिजली की लाइन पर काम होता है तो कभी लाइनों में फॉल्ट के चलते बिजली गुल होना आम बात हो गई है। बिना बिजली के खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। बिजली सिस्टम भगवान भरोसे चल रहा है।
-शकील
बिजली दिनचर्या का जरूरी अंग है। बिजली से ही व्यापार गति पकड़ता है, जिससे विभाग को राजस्व मिलता है। बार बार बिजली गुल होने के कारण कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
-सतीशचंद्र
बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए-दिन बिजली व्यवस्था चरमरा रही है। लाइनें जर्जर हालत में जगह जगह झूल रही हैं। इनको बदलवाने पर विभाग का ध्यान नहीं है।
-मानवेंद्र शर्मा