न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
31 मार्च 2006 से पहले खरीदे गए वाहन स्वामियों की मुश्किलें फिर बढ़ने वाली हैं। जिन वाहनों की अवधि 15 साल पूरी हो चुकी है, उनके पंजीयन को निरस्त करने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय में फेहरिस्त तैयार की जा रही है। टीटी जेड में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए जर्जर वाहनों को सड़कों से हटाने की तैयारी है।
उल्लेखनीय है कि ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटी जेड) क्षेत्र में 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध है। पिछले साल वर्ष 2004 तक 21 हजार से अधिक पंजीयन को निरस्त किया गया था। अब इसके बाद वर्ष 2005 और 2006 के 15 साल की अवधि पूरे कर चुके वाहनों के पंजीयन को निलंबित करने की तैयारी की जा रही है।
अगस्त माह में फिर से कई सीरीज के 15 साल पुराने वाहनों के पंजीयन निरस्त किए जाएंगे। इससे पूर्व वाहन स्वामियों को पंजीयन निरस्त कराने की सूचना भी दी जाएगी। खास बात यह है कि वाहन स्वामी अपने वाहन को सुरक्षित रखने के लिए परिवहन आयुक्त के यहां अपील कर सकेंगे। इसके लिए भी उन्हें छह माह का समय दिया जाएगा। संवाद