न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के राशन डीलर बिजली बिल जमा करने में हीलाहवाली बरत रहे हैं। इस कारण अभी तक पॉश मशीन से बिल जमा करने की शुरुआत नहीं हो सकी है। शनिवार को फिर डीएसओ की मौजूदगी में बिजली अफसर इस संबंध में राशन डीलरों के साथ बैठक करेंगे, ताकि विभाग के राजस्व का ग्राफ बढ़ सके। एक बिल जमा करने पर विभाग की ओर से राशन डीलर को 16 रुपये की राशि दी जाएगी।
जिले में 600 से अधिक राशन की दुकानें हैं। बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को नजदीक ही बिल जमा करने की सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। बीते दिनों इस सिलसिले में राशन डीलरों के साथ बैठक हुई थी। इसके बाद भी राशन डीलरों के यहां बिल जमा करने का काम रफ्तार नहीं पकड़ा सका है। अब विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूह, जन सुविधा केंद्र और राशन की दुकानों के माध्यम से बिल जमा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल और डीएसओ सुरेंद्र यादव की मौजूदगी में शनिवार को जिलेभर के राशन डीलरों के साथ बिजली बिल जमा करने के लिए राशन डीलरों की बैठक होगी, ताकि राशन डीलरों की आय बढ़ सके और बिजली विभाग को समय से राजस्व हासिल हो सके। अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि शनिवार को राशन डीलरों के साथ बैठक होगी। बिल जमा करने में आ रही कठिनाइयों को दूर किया जाएगा।