न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना से लड़ने के लिए पुलिस की रेपिड टीम का गठन किया गया है। डीजीपी के आदेश पर एसपी ने जिले में सर्किल स्तर पर तीन टीम गठित की हैं। टीम में शामिल पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव और चिकित्सा एवं अन्य विभागों से समन्वय/सहयोग के लिए पुलिस कर्मियों की पुलिस रेपिड एक्शन टीम गठित की गई हैं। जनपद स्तर पर तीन टीमों का गठन किया गया है। जिसमें एक नगर क्षेत्र हाथरस, दूसरी सादाबाद क्षेत्र और तीसरी टीम सिकंदराराऊ क्षेत्र के लिए गठित की गई है।
जनपद स्तर पर गठित पुलिस रैपिड एक्शन टीम पुलिस लाइन में रहकर प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन के नेतृत्व में रहेगी। इसी प्रकार सर्किल स्तर पर गठित टीम संबंधित क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में रहेंगी। यह टीम जनपदीय नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के नेतृत्व में रहकर उनके द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार कार्य करेंगी।
रेपिड एक्शन टीम को क्या करना है, क्या नहीं करना है इसके बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। संसाधनों का उपयोग करने के तरीके एवं मॉक ड्रिल आदि के संबंध में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
-सिद्धार्थ वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक।