हाथरस: कोरोना की दहशत के चलते मास्क लगाकर जाते बाइक सवार लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस को लेेकर लोग दहशत में हैं। सीबीएसई ने भी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड को भी अपडेट किया गया है। विदेश से आने वालों की चिकित्सक निगरानी कर रहे हैं। काफी लोग इस समय यात्रा से बच रहे हैं।
एक बात को साफ हो चुकी है कि कोरोना को लेकर लोगों में डर पैदा हो गया है। यही कारण है कि अब लोग एक दूसरे से हाथ मिलाने से भी बच रही हैं। बात करते वक्त उचित दूरी भी बना रहे हैं। ऐसे में लोग एक दूसरे को कोरोना के प्रति सजग करते हुए, हाथ धोने व स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी विदेश से आने वाले लोगों को डाटा जुटा रहे हैं। विदेश से आए 16 लोगों की स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। पुलिस भी लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें मास्क और सेनेटाइजर वितरित कर रही है। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ लोगों को मास्क और सेनेटाइजर वितरित किए। काफी लोगों ने अपनी यात्राएं भी निरस्त कर दी हैं।
नगर पालिका ने लगाए स्टॉल, धुलवाए हाथ
हाथरस। नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर के कई स्थानों पर स्टॉल लगवाए गए हैं। बृहस्पतिवार को नगर पालिका ने सिटी स्टेशन पर स्टॉल लगवाया। वहां यात्रियों के हाथ धुलवाए गए। बस स्टैंड, जिला चिकित्सालय में भी स्टॉल भी लगवाए गए। वहां छिड़काव भी कराया गया। नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा व पालिका के अधिकारी और कर्मचारी वहां मौजूद रहे। लोगों को कोरोना को लेकर जागरूक किया गया।