हाथरस। अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट (एमबीयू) के मामले में हाथरस ने प्रदेश में 13वां स्थान प्राप्त किया है। बुधवार को आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए शेष पात्र बच्चों का आधार अपडेट कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में विशेष आधार शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पांच से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट जरूरी है। यूआईडीएआई की ओर से यह सुविधा सितंबर 2027 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
अभिभावकों से बच्चों का अपडेट समय से कराने की अपील की गई, ताकि भविष्य में शैक्षिक और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो। बैठक में जिले में आधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू होने की जानकारी भी दी गई। यह केंद्र आवास-विकास कॉलोनी स्थित केडीआर कॉम्प्लेक्स, एमजी पॉलिटेक्निक गेट नंबर एक के सामने, आगरा रोड पर संचालित है। बैठक में ईडीएम मनोज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।