न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
ग्राम पंचायत बीजलपुर के ग्राम प्रधान साबिर मलिक ने सोमवार को कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में साबिर मलिक ने कहा है कि सोमवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह मजदूरों को लेकर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए गड्ढे खोदवाने ग्राम समाज की जमीन पर गया तो उसके ही गांव के मुन्नालाल, सत्यवीर, बनवारीलाल पुत्र हुब्बलाल, सुखवीर पुत्र बनवारीलाल डंडा लेकर आ गए और गाली देने लगे। जब गाली देने से मना किया तो इन लोगों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जब उसका भाई नफीस बचाने आया तो उसे भी मारा पीटा। शोर मचाने पर गांव के काफी लोग आ गए। इन्हें देखकर यह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
इधर, दूसरे पक्ष की ओर से गांव बीजलपुर निवासी सुमन पुत्री सत्यवीर सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि सोमवार को वह अपने खाद के गड्ढों के पास उपले पाथने के लिए मवेशियों के गोबर को इकट्ठा कर रही थी। तभी गांव का ही नफीस तमंचा लेकर आ गया और गाली-गलौज करने लगा। इतने में ही उसका भाई ग्राम प्रधान साबिर अपने साथ तीन-चार अन्य लोगों को लेकर आ गया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और धक्का मुक्की करने लगे। शोर मचाने पर जब उसके ताऊ बनवारीलाल व रूपकिशोर आए तो उन्हें भी लाठी डंडों से मारापीटा, जिससे चोट आई हैं। आरोप है कि इस दौरान तमंचे से फायर भी किया गया। संवाद