विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों ने किया प्रदर्शन
आज से जिला मुख्यालय पर जिले भर के गरजेंगे लेखपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। तहसील सदर परिसर में लेखपाल संघ शाखा हाथरस ने विभिन्न मांगों के चलते नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर सभी लेखपाल कार्य बहिष्कार पर रहे। इस कारण राजस्व संबंधी शिकायतकर्ता भटकते नजर आए। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता सत्यप्रकाश शर्मा व संचालन तहसील मंत्री बलवीर सिंह ने किया।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एसीपी विसंगति, वेतन उच्चीकरण, पेंशन विसंगति, मोटर साईकिल भत्ता, पदोन्नति आदि की मांगे लंबे समय से चली आ रही हैं। शासन स्तर से मात्र आश्वासन मिलता है। धरना प्रदर्शन के चलते लेखपाल कार्य बहिष्कार पर रहे। कार्य बहिष्कार के कारण शासकीय कार्य प्रभावित रहे।
साथ ही राजस्व संबंधी कार्य के लिए आने वाले लोगों को भी भटकना पडना। मांगे पूरी न होने की दशा में अब जिले भर के लेखपाल जिला मुख्यालय पर धरना करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राम निवास सिंह, एजाज मेंहदी, विनय चौधरी, देवव्रत गौतम, अशोक उपाध्याय, बृजेश शर्मा, जितेंद्र सिंह, रमेश चंद्र, रेनू आदि मौजूद थे।