इस सप्ताह ओवरब्रिज का निर्माण पकड़ेगा तेजी
अब तक 14 पिलर का काम पूरा, सात का है बाकी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। इस सप्ताह ओवरब्रिज निर्माण का कार्य रफ्तार पकड़ेगा। जल्द ही पिलर के लिए खुदाई का काम शुरू होगा। अब तक 14 पिलर का काम पूरा हो गया है। सात पिलर के लिए बोरिंग की शुरुआत एक दो दिन में होगी। बुधवार को सेतु निगम की टीम ने तालाब चौराहा का निरीक्षण भी किया था।
उल्लेखनीय है कि शहर के तालाब चौराहा पर लोगों को जाम के झाम से राहत दिलाने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। सेतु निगम ने काफी हद तक काम पूरा कर दिया है। अब रेलवे द्वारा गार्डर रखकर निर्माण कार्य किया जाएगा। बिजली लाइन निर्माण में बाधा खड़ी कर रही थी। बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम अंतिम चरण में चल रहा है।
अब रेलवे द्वारा पिलर के लिए बोरिंग का कार्य एक-दो दिन में शुरू किया जाएगा। पिलर बोरिंग के बाद निर्माण कार्य के साथ गार्डर भी रखा जाएगा। जरूरत के अनुसार रेलवे क्रॉसिंग के फाटक को बंद भी किया जाएगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर/ कार्य निर्माण इज्जतनगर रामशंकर का कहना है कि एक दो दिन के अंदर पिलर की बोरिंग का काम शुरू होगा। बिजली लाइन शिफ्टिंग के चलते काम रुक गया था।