न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड मुरसान के गुमानपुर स्थित संविलियन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्याक के खिलाफ बीएसए ने निलंबन की कार्रवाई की है। बीएसए के आदेश के बाद भी शिक्षिका को प्रधानाध्यापिका का चार्ज नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई है।
सभी संविलियन विद्यालयों में प्रभारी प्रधानाध्यापक का पदेन दायित्व के निर्वहन के संबंध में निर्देश दिए गए थे। खंड शिक्षा अधिकारी, मुरसान द्वारा संविलियन विद्यालय गुमानपुर में वरीयता की स्थिति स्पष्ट करते हुऐ विद्यालय के प्रधानाध्यापक का चार्ज ललिता सारस्वत सहायक अध्यापिका को देने के आदेश जारी किया गया। इस संबंध में ललिता सारस्वत द्वारा दीपक गुप्ता सहायक अध्यापक जो पूर्व में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के पदेन दायित्व का निर्वहन कर रहे थे, को विभिन्न माध्यम से चार्ज हस्तांतरण का अनुरोध किया गया।
उसकी समय-समय पर सूचना खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान और बीएसए को दी गई, लेकिन दीपक गुप्ता द्वारा हठधर्मिता का परिचय देते हुऐ चार्ज वरिष्ठ सहायक अध्यापिका ललिता सारस्वत को हस्तांतरित नहीं किया गया। दीपक गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके बावजूद गुप्ता द्वारा प्रधानाध्यापक का चार्ज वरिष्ठ सहायक अध्यापिका को नहीं दिया गया। दीपक गुप्ता के खिलाफ बीएसए ने निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में दीपक गुप्ता को एबीएसए कार्यालय सिकंदराराऊ से संबद्ध किया गया है।
दीपक गुप्ता सहायक अध्यापक संविलियन विद्यालय गुमानपुर को विभागीय उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उनके विरुद्ध कार्यवाही संस्थित किए जाने और आरोपों की जांच के लिए विद्यानंदन दैपुरिया खंड शिक्षा अधिकारी विकास खंड मुरसान को नामित किया गया है। बार-बार निर्देशों के उपरांत भी गुप्ता द्वारा प्रधानाध्यापक के पद का चार्ज हस्तांतरित नहीं करने के पीछे क्या कारण रहा है, इस तथ्य की जांच में जांच अधिकारी वित्तीय/शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं को शामिल करते हुए जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
-मनोज कुमार मिश्र, बीएसए हाथरस