हाथरस : रामबाग इंण्टर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन करते शिक्षक शिक्षिकाएं। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की शुरुआत शनिवार को हुई। पहले दिन डिप्टी हेड व परीक्षकों की बैठक हुई। इसमें परिषद के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। हाईस्कूल की 38 सौ व इंटरमीडिएट की एक हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पहले दिन हो सका। संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ ने मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण करके हकीकत को परखा।
परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को परिणाम का इंतजार है। पिछले दिनों मूल्यांकन कार्य को तेजी के साथ कराए जाने के निर्देश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दिए थे। शनिवार को शहर के अक्रूर इंटर कॉलेज व बागला इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और रामबाग इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हुआ।
मूल्यांकन कार्य के पहले दिन निर्धारित समय पर परीक्षक व डिप्टी हेड अपने-अपने केंद्र पर पहुंच गए। दोपहर तक मूल्यांकन केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। उपनियंत्रकों ने परीक्षकों व डिप्टी हेड के साथ बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ जितेंद्र कुमार मलिक ने भी तीनों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। पहले दिन बागला इंटर कॉलेज और अक्रूर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 3800 और रामबाग इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की करीब 1100 उत्तरपुस्तिकाएं जांची गईं। संवाद
ये रहा पहले दिन उपस्थिति का हाल
बागला इंटर कॉलेज में 38 डिप्टी हेड व 376 परीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई, जबकि पहले दिन 24 डिप्टी हेड व 312 परीक्षक ही उपस्थित हुए। अक्रूर इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर 35 डिप्टी हेड व 342 परीक्षक आवंटित किए गए थे। 23 डिप्टी हेड व 263 परीक्षक उपस्थित रहे। रामबाग इंटर कॉलेज में मूल्यांकन केंद्र पर 34 डिप्टी हेड व परीक्षकों में से 15 डिप्टी हेड व 171 परीक्षक ही मौजूद रहे। इस प्रकार तीनों केंद्रों पर 62 डिप्टी हेड और 746 परीक्षक उपस्थित रहे। संवाद