हाथरस: बाजार में एक दुकान पर बिकने के लिए रखे आलू।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक तो पहले से ही सब्जियों के दाम बढ़े हुए थे। रही-सही कसर सहालगों ने पूरी कर दी है। सहालग शुरू होते ही सब्जियों के दामों में एक बार फिर इजाफा हुआ है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आलू के भाव 45 रुपये और टमाटर के भाव 50 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। सब्जी खरीदने में लोगों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है।
कोरोना संक्रमण के दौर में तंगी से जूझ रहे आम लोगों को सब्जियों पर एकाएक बढ़ी महंगाई सोचने पर मजबूर कर रही हैं। देवोत्थान एकादशी से सहालग की शुरुआत हो गई है। इस कारण सब्जियों की खपत बढ़ गई है। सब्जियों के दाम अधिक हो गए हैं। सब्जी खरीदने के दौरान लोगों सोचना पड़ रहा है। सब्जियों का राजा आलू 45 रुपये, टमाटर 50 रुपये, गोभी 20 रुपये और लहसुन 150 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। बैंगन, मूली, अदरक और धनिया आदि के दाम भी बढ़े हुए हैं।
सहालगों में सब्जियों की खपत बढ़ गई है। बाहर से आने वाले सब्जियों के दाम अधिक हैं। स्थानीय सब्जियों के दाम मध्यम हैं। पूस माह में सब्जियों के दामों में गिरावट आएगी।
-गुलजार, सब्जी विक्रेता
आलू व टमाटर के बढ़े हुए दाम मुश्किल में डाल रहे हैं। वैसे अन्य सब्जियों के दाम सही हैं। प्रत्येक सब्जी में आलू का प्रयोग होता है। आलू के रेट कम हों, तब राहत मिले।
-निखिल, ग्राहक