हाथरस: कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव की तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी हैं। इस क्रम में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की।
डीएम ने कहा कि जिले में नौ मतदान केंद्र और 31 बूथ बनाए गए है। खंड शिक्षक के 3,015 मतदाता एवं स्नातक के 15,538 मतदाता हैं। डीएम ने मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि रवानगी स्थल पर आवश्यक सामग्री का मिलान करने के पश्चात ही निकलें और मतदान केंद्र पर पहुंचकर सामग्री का मिलान कर लें। वोटर लिस्ट की तीन प्रति ले जानी है। मतदान के लिए बैंगनी रंग की स्याही के पैन का प्रयोग किया जाएगा।
यदि उसके स्थान पर किसी दूसरे कलर की स्याही के पैन का इस्तेमाल किया जाता है तो उस मत पत्र को निरस्त माना जाएगा। एजेंट बनाते समय पूरी सतर्कता बरती जाए। एक मतदान केंद्र पर एक प्रत्याशी के केवल दो ही एजेंट नियुक्त किए जाएंगे। परियोजना निदेशक अश्विनी कुमार मिश्र ने चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 30 नवंबर को पोलिंग पार्टी जिला स्टेडियम से सुबह नौ बजे से मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र पर 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रत्याशी द्वारा प्रचार सामग्री नहीं लगाई जाएगी। मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय, मतदान अधिकारी तृतीय तथा पीठासीन अधिकारी को मतदान के दौरान दायित्वों के निर्वहन के बारे में विस्तार से जानकारी दे दी जाए।