न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली भी नखरे दिखा रही है। शनिवार की सुबह वैक्यूम सर्किट ब्रेकर्स (वीसीबी) में खराबी आ गई और लाइन में फाल्ट हो गया। इस कारण सुबह से करीब 11 बजे तक कई इलाकों में लोगों को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ा। अन्य बिजलीघरों पर भी ओवरलोडिंग के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्र में कई बार फ्यूज उड़ रहे हैं। इस कारण लोगों को कभी रात में तो कभी दिन में कई कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
शहर, देहात और कस्बों में बिजली गुल होना आम बात है। गर्मी में लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह नवीपुर सब स्टेशन की वीसीबी में खराबी आ गई। इस कारण करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। उसके बाद लाइन में फॉल्ट हो गया। कुल मिलाकर लोगों को पांच घंटे बिजली के रहना पड़ा।
वहीं गिजरौली सब स्टेशन से निकलने वाली 33 केवीए की लाइन में बार-बार फॉल्ट के चलते लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। चिलचिलाती गर्मी में बिना बिजली के लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। इसके अलावा प्रगतिपुरम, ओढ़पुरा, वाटर वर्क्स और किला गेट आदि सबस्टेशनों पर ओवर लोडिंग के कारण विद्युत उपकरण ओवरलोड हो रहे हैं। निर्बाध आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इस कारण लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।