हाथरस : पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक लेते एसपी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव से पहले अराजक तत्वों पर पुलिस कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। इसे लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बैठक कर सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसमें गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शिविर कार्यालय में अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया। सभी राजपत्रित अधिकारियों पर लंबित प्रारंभिक जांचों और विभागीय जांचों की समीक्षा की गई। उनके त्वरित निस्तारण के लिए सभी को निर्देशित किया गया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेेकर जिले में अपराधियों पर गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। गैंगस्टर अधिनियम के मुकदमों में धारा 14 (1) के अंतर्गत उनकी संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आगामी चुनाव को लेकर अराजक तत्वों को चिन्हित कर उन पर प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनशिकायती प्रार्थना पत्र, आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्वक समय से निस्तारण करें। साथ ही अपने सर्किल के थानों पर प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की गुणवत्ता की आकस्मिक जांच करने के लिए कहा गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार, सीओ सदर रुचि गुप्ता, सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह, सीओ सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह, सीओ डॉ. आनंद कुमार, सीओ कार्यालय शैलेंद्र वाजपेयी आदि मौजूद रहे। संवाद