न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
मेला जल विहार में शुक्रवार की रात को हुए संगीत सम्मेलन में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं। पुलिस कर्मियों ने कार्यक्रम में नोट दिखा रहे युवकों पर जमकर लाठियां भांजीं, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान भीड़ में से भी ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे ड्यूटी कर रहे कुछ पुलिस कर्मी भी चुटहिल हो गए। पुलिस कर्मियों के डंडे लगने से दो युवकों के सिर भी फट गए। पुलिस से शिकायत करने पहुंचे हिंदू साम्राज्य संगठन के प्रदेश नियुक्ति प्रभारी अनमोल गुप्ता भी पुलिस की लाठियों के शिकार बन गए।
अनमोल गुप्ता पुलिस की कार्रवाई की शिकायत करने सीओ के पास पहुंचे थे। अनमोल ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से इस मामले की शिकायत करते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मेला आयोजक कमेटी के अध्यक्ष व पदाधिकारी नगर पंचायत सभासदों ने पुलिस कर्मियों से स्थिति न बिगाड़ने का अनुरोध किया। लाठीचार्ज के चलते बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चले गए।
बताते हैं कि कुछ युवक कार्यक्रम परिसर में जमीन पर बैठकर कलाकारों को नोट दिखा रहे थे। पुलिस कर्मियों ने इन युवकों को उठाकर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। घटना के दौरान कस्बा के मोहल्ला किशन की पूर्व महिला सभासद का 10 वर्षीय पुत्र गोवर्धन कार्यक्रम से निकलकर जा रहा था। तभी पुलिस कर्मियों ने उस पर लाठियां बरसा दीं।
सिर में डंडा लगने से गोवर्धन घायल हो गया। मोहल्ला कोलियान खुर्द निवासी गुड्डू को निकालकर पुलिस कर्मियों ने पीटकर जख्मी कर दिया। आरोप है कि सलेमपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने संगीत सम्मेलन में फिल्मी कार्यक्रम देखने के लिए जा रहे सब्जी विक्रेता व्यापारी अशोक कुमार कुशवाहा को भी रोककर अभद्रता कर दी और गाली-गलौज करते हुए भगा दिया।
संगीत सम्मेलन में फिल्मी गीतों पर झूमते हुए युवाओं के साथ मारपीट किए जाने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि आज तक मेला जल विहार के किसी भी कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों ने ऐसी बर्बरता नहीं दिखाई। पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी होने पर हिंदू साम्राज्य संगठन के प्रदेश नियुक्ति प्रभारी अनमोल गुप्ता जब कोतवाल शिवकुमार शर्मा व सीओ ब्राह्म सिंह से शिकायत करने मंच की तरफ पहुंचे तो आरोप है कि कोतवाल ने अनमोल गुप्ता की शिकायत सुने बिना गाली-गलौज और मारपीट कर दी। संवाद
शराब पीकर कुछ युवक मंच पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इन्हें काबू करने के लिए मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। इसके अलावा किसी के साथ कोई बर्बरता नहीं की गई है। जिन युवकों के सिर फटे हैं, वह पुलिस की लाठियों से नहीं, बल्कि भीड़ में से फेंके गए पत्थरों से फटे हैं।
-शिवकुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी