न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी क्षेत्र के अष्टलक्ष्मी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड चावल मिल प्रकरण से 24 हजार बोरों में चावल की बरामदगी की जांच तीन सदस्यीय कमेटी ने शुरू कर दी है। जांच टीम ने चावल के बोरों की खरीद से लेकर चावल की आवक और उस पर मंडी शुल्क की अदायगी के संबंध में संबंधित विभागों से रिपोर्ट ली जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सासनी क्षेत्र के इस चावल मिल से 24 हजार बोरे चावल बरामद किया गया था। इस चावल को सरकारी राशन का बताया जा रहा था। इस आधार पर प्रशासन की टीम ने मिल को सील कर दिया था। आपूर्ति विभाग ने पूरे प्रकरण में मिल संचालक के खिलाफ राशन के चावल की कालाबाजारी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
अब इस मामले में डीएम रमेश रंजन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी में एडीएम राजस्व व वित्त बसंत अग्रवाल, एसडीएम सासनी अंजली गंगवार व डीएसओ ध्रुवराज यादव को नामित किया गया है। अब मिल के सभी पहलुओं से जांच शुरू हो गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ध्रुवराज यादव ने बताया कि मामले में जांच कमेटी ने विद्युत विभाग, वाणिज्य कर विभाग, उद्योग विभाग व मंडी समिति सहित अन्य संबंधित विभागों से इस मिल से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। मिल में मिले चावल और बोरों की खरीद को लेकर सभी बिलों का मिलान विभागों से आई रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह चावल किन किन स्थानों से आया है, इसकी भी जांच की जाएगी। संवाद