न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
दहेज हत्या के मामले में 14 महीने से फरार चल रहे कस्बा मुरसान के मोहल्ला छिपैटी निवासी एक ही परिवार की महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुरसान पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किया है।
उल्लेखनीय है कस्बा मुरसान के मोहल्ला छिपैटी में दहेज की मांग पूरी न होने पर 26 नवंबर 2019 को एक महिला की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दी थी। इसका मुकदमा महिला के भाई ने मुरसान कोतवाली में दर्ज कराया था।
चंद्रप्रकाश पुत्र प्रताप सिंह निवासी अहियापुर खुर्द ने मुकदमा दर्ज कराते हुए शिकायत की थी कि उसकी बहन बबिता के पति मंगल सिंह, ससुर इंद्रपाल, सास ज्ञान देवी, देवर करुआ, कृष्णा व ननद ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बबिता की हत्या कर दी। कस्बा इंचार्ज एसआई धीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में करुआ, कृष्णा पुत्रगण इंद्रपाल सिंह व ज्ञान देवी पत्नी इंद्रपाल सिंह निवासी मोहल्ला छिपैटी मुरसान फरार चल रहे हैं। इसी वजह से कुर्की चस्पा की कार्रवाई की गई है।