न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के एक गांव की युवती प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी है। युवती कोतवाली में आकर बैठ गई और अपने प्रेमी के आने का इंतजार करने लगी। देर शाम उसका प्रेमी कोतवाली पहुंचा। इधर, युवती के परिजनों का कहना है कि उक्त युवक ने मेरी बेटी को बहला-फुसला दिया है। युवती के पिता ने उसकी ससुराल वालों को भी मौके पर बुला लिया लेकिन वह ससुराल जाने को तैयार नहीं हुई। समाचार लिखे जाने तक दोनों कोतवाली में ही बैठे रहे।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह एक युवती अपने पिता के साथ कोतवाली पर पहुंच गई। उसका कहना था कि उसके मां बाप उसके साथ मारपीट करते हैं और जबरन सुसराल भेजना चाह रहे है। सुसराल में पति और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं।
युवती ने बताया कि वह पड़ोस के गांव के एक युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है। वह अभी आठ दिन पहले ही उसके साथ रहने के बाद आई है। उसके पिता ने उसके प्रेमी के खिलाफ कोतवाली में अपहरण करने की तहरीर दी थी। युवती का कहना है कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से जिंदगी जीना चाहती है। खबर लिखे जाने तक सभी कोतवाली में ही बैठे थे। पुलिस मामले को सुलझाने में लगी हुई थी।