न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की चमन विहार कॉलोनी निवासी अनाज मंडी के आढ़तिया के साथ हुई लूट की घटना के मामले में पुलिस 21 दिन बाद भी खाली हाथ है। इसे लेकर व्यापारियों में आक्रोश है।
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ रोड स्थित चमन विहार कॉलोनी निवासी नवनीत वार्ष्णेय पुत्र गिरीशचंद्र के साथ 21 अक्तूबर 2021 की सुबह अनाज मंडी जाते वक्त सुबह करीब सात बजे लूट की घटना को बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। घर से कुछ दूर चलने पर ही रास्ते में पहले से खड़े तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी में धक्का मारकर गिरा दिया था और फिर बदमाशों ने नवनीत कुमार के ऊपर तमंचा तान दिया और स्कूटी में रखे बैग (4.5 लाख रुपये, मोबाइल व लैपटॉप) छीनकर भाग गए।
सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर रुचि गुप्ता व थाना हाथरस गेट प्रभारी केडी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने आढ़तिया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। 21 दिन बीतने के बाद भी घटना का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है, जिससे व्यापारी काफी निराश हैं। संवाद
व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। हमारी टीमें लगी हुई हैं। कई पहलुओं पर जांच चल रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
-रुचि गुप्ता, सीओ सदर।