न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली मुरसान पुलिस ने एक बाइक स्वामी की शिकायत पर फाइनेंस की किस्त जमा करने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
कन्हैया निवासी नोहरा मुरसान ने पुलिस को बताया कि उसने मुरसान की एक एजेंसी से किस्तों पर बाइक खरीदी थी। वह पिछले कई महीने से लगातार किस्त भरता चला रहा है।
पिछले चार महीने से किस्त लेने के लिए एक सोनई के पास का रहने वाला युवक उसके पास आ रहा था और वह बाइक की किस्त ले जाता था। चार महीने बीत जाने के बाद कन्हैया के पास अलीगढ़ से फाइनेंस कर्मी का फोन आया। उसने बताया कि उसकी पिछले चार महीने से किस्त जमा नहीं हुई है। किस्त जमा नहीं होने से उसकी बाइक को खींच लिया जाएगा। कन्हैया ने जब फाइनेंस कर्मी को बताया कि वह हर महीने किस्त भर रहा है। कर्मचारी के कहने पर कन्हैया ने किस्त ले जाने वाले युवक को मौके पर बुला लिया।
इस दौरान कर्मचारी ने फोन कर पुलिस को बुला लिया और युवक पकड़वा दिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह सादाबाद क्षेत्र के गांव मढ़नई के रहने वाले एक व्यक्ति के यहां कमीशन पर नौकरी करता है। यह काम सादाबाद में अन्य लोग भी कर रहे हैं। पुलिस ने जब फाइनेंस कर्मियों से सादाबाद क्षेत्र की रहने वाले व्यक्ति के बारे बात की तो उन्होंने उसे पहचानने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई आदमी उनकी कंपनी में नहीं है। यह सब लोग क्षेत्र में लोगों से ठगी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में लगी हुई है।