15 हजार के ईनामी को किया गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, एटा, गौतमबुद्ध नगर में कई मुकदमे विचाराधीन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सासनी (हाथरस)। कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान अजरोई रोड से 15 हजार रुपये के ईनामी शातिर लुटेरे को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस एवं लूट में प्रयुक्त एक अपाचे बाइक और 3,200 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह ने बताया कि एसआई देवेंद्र सिंह व विजय सिंह गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अजरोई मोड़ के निकट एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में अपाचे बाइक पर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरीकिशन पुत्र बाबू लाल निवासी बसगोई बताया है। कोतवाल ने बताया कि छानबीन करने पर पता चला कि आरोपी पर 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित है। उस पर यह ईनाम एटा पुलिस ने घोषित किया है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, एटा और गौतमबुद्धनगर जनपद के थानों में विचाराधीन हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।