न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आगामी छह दिसंबर को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बृहस्पतिवार को इसे लेकर कोतवाली सादाबाद पर शांति व्यवस्था की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लोगों से छह दिसंबर के दिन आपसी सौहार्द रखते हुए शांति बनाए रखने की अपील की गई।
सीओ ब्रह्म सिंह ने कहा कि छह दिसंबर के दिन ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे नगर की शांति को खतरा पैदा हो। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि हमेशा की तरह आपसी सौहार्द को बनाए रखें। यदि कोई भी असामाजिक तत्व शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करते हुए सभी उपनिरीक्षकों को विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कोतवाली प्रभारी के साथ ही सर्किल में आने वाले सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने, प्रत्येक घटना को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करने, अफवाह फैलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में चेयरमैन रविकांत अग्रवाल, सुनील गौतम, बालकिशन वर्मा, सुधीर गर्ग, अनिल पाराशर, अमित वर्मा, पवन अग्रवाल, प्रभात पचौरी, किशोर जैसवाल, रवि कुमार, दरवेश गौतम, दीपेंद्र चौधरी, सुनील कुमार आदि थे।