हाथरस: अलीगढ़ रोड पर खुदाई बाद टूटी पड़ी सड़क।
- फोटो : HATHRAS
विद्युत लाइन शिफ्टिंग के दौरान खुदाई में खंभे व डस्टबिन क्षतिग्रस्त
खुदाई के बाद समतलीकरण न करने से राहगीर परेशान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर विद्युत विभाग की ओर से लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है लेकिन यह कार्य आम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। विभाग की ओर से लाइन शिफ्टिंग के लिए नामित की गई संस्था द्वारा देर रात अलीगढ़ रोड पर खुदाई की और समतलीकरण न करने के साथ साथ नगर पालिका के लगे डस्टबिनों और पोलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस कारण आम लोगों को काफी परेशानी से गुजरना पड़ा।
रेलवे व सेतु निगम द्वारा तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण के तहत फिलहाल में विद्युत विभाग की ओर से विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत अलीगढ़ रोड विद्युत लाइन अंडरग्राउंड शिफ्ट किए जाने के लिए खुदाई कार्य किया जा रहा है, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा नामित संस्था की ओर से खुदाई कार्य करने के दौरान शहर वासियों के लिए मुसीबत खड़ी की जा रही है।
खुदाई के दौरान इन गड्ढों का समतलीकरण का कार्य नहीं किया जा रहा है। वहीं खुदाई के दौरान खंभों और नगर पालिका द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगाए गए डस्टबिनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। ज्यादातर डस्टबिन क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़े हैं। वहीं खुदाई के बाद सड़क के समतलीकरण न करने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।