न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के मुख्य मार्गों पर लगे पौधों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ट्री गार्ड बनवाएगा। इसके लिए शासन से बजट भी आ गया है। वन विभाग ने ट्री गार्ड बनाने की कवायद भी शुरू कर दी है। ताकि मार्गों पर लगे पौधे सुरक्षित रहें।
बीते वर्ष जिले में 17 लाख पौधों का रोपण किया गया। अब इन पौधों की देखभाल के साथ सुरक्षित रखने की कोशिश शुरू हो गई है। बीते महीनों में थर्ड पार्टी ने जिले में लगे पौधों का सर्वे किया। सर्वे को शहर, देहात व गांवों में तीन वर्गों में बांटा। हाथरस सहित पूरे प्रदेश में पौधरोपण की स्थिति सही रही।। अब इन पौधों की सुरक्षा को लेकर शासन भी सख्त है।
इसी के तहत जिलेभर में सैंकड़ों की संख्या में ईटों के ट्रीगार्ड बनाए जाएंगे। शासन से जिले के वन विभाग को इसके लिए बजट भी मिल गया है। गार्ड बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया आदि को पूरा किया जा रहा है। मामले में डीएमओ एमके शुक्ला का कहना है कि मुख्य मार्गों पर लगे पौधों की सुरक्षा के लिए ईटों के ट्री गार्ड बनाए जाएंगे।