न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस बार पौधरोपण में पारदर्शिता के लिए हरितिमा एप का सहारा लिया जाएगा। एप के माध्यम से अधिकारी पौधों को ट्रेस कर हकीकत परख सकेंगे। वन विभाग द्वारा एक दर्जन नर्सरियों में 25 लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। एक जुलाई से पौधरोपण अभियान की शुरुआत होगी। वन विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
इस बार पौधरोपण के लिए हाईटेक पद्धति का सहारा लिया जाएगा। वन विभाग द्वारा पौधों की निगरानी के लिए हरितिमा एप बनाया गया है। इस एप पर पौधे लगाने के बाद फोटो, रोपण स्थल व विभाग का नाम सहित पूरे लोकेशन अपलोड की जाएगी। अभियान के एक महीने बाद भी एप के माध्यम से लोकेशन ट्रेस कर पौधों की हकीकत जानी जा सकेगी। इसकी रिपोर्ट शासन को जाएगी।
खास बात यह है कि यह एप पौधरोपण मॉनिटरिंग सिस्टम से सीधा जुड़ा हुआ है। पौधो की जीओ टैगिंग के बाद पौधो की वास्तविक स्थिति का आकलन होगा। यदि कोई पौधा सूखने के कगार पर पहुंच रहा है। उसकी देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। मामले में डीएफओ सीपी सिंह का कहना है कि हरितिमा एप के माध्यम से पौधों की मॉनिटरिंग की जाएगी। एप में पौधरोपण के फोटो लोकेशन आदि अपलोड करनी होगी। संवाद