न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोडवेज बसों के बेहतर संचालन के लिए अब निगम स्तर से आदेश मिलने के बाद हाथरस डिपो संविदा पर चालकों की भर्ती प्रक्रिया में जुट गया है। तीस जुलाई तक निगम के बेड़े में शामिल होने वाले चालक आवेदन करेंगे। उसके बाद बस चलवाकर टेस्ट लिया जाएगा। इन चालकों को नियत स्थानों पर तैनाती की जाएगी।
हाथरस डिपो में वर्तमान में 87 बसें हैं। इन बसों के हिसाब से करीब एक दर्जन चालकों की कमी है। वहीं अलीगढ़ में पचास चालकों की आवश्यकता है। बुद्ध बिहार डिपो में तीस चालकों की आवश्यकता है। चालकों की कमी के चलते बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इस कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। आरएम के आदेश पर एआरएम भर्ती प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
30 जुलाई तक चालकों से भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के बाद चालकों को शामिल करने से पहले बाईपास पर बसों को चलवाकर देखा जाएगा। उसके बाद उन्हें निगम के बेड़े में शामिल किया जाएगा। एआरएम शशी रानी का कहना है कि बुद्ध बिहार, अलीगढ़ व हाथरस डिपो के लिए सौ चालकों को भर्ती किया जाएगा। इसके लिए तीस जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं। संवाद